
परिवार ने की सड़क जाम
गोरखपुर: राप्ती नदी में लापता हुए 10वीं कक्षा के छात्र प्रिंस कुमार की तलाश तीसरे दिन भी जारी रही, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और SDRF (State Disaster Response Force) की चार टीमें लगातार नदी में अभियान चला रही हैं। तलाश में जुटी टीमों के साथ परिवार के लोग भी मौजूद रहे, लेकिन सफलता नहीं मिलने से उनमें निराशा बढ़ती जा रही है।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के सेमरा देवी प्रसाद छोटका पथरा निवासी सत्यपाल निषाद का 16 वर्षीय बेटा प्रिंस कुमार MG Inter College में कक्षा 10 का छात्र था।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राजघाट थाना क्षेत्र के चकरा दोयम निवासी उसके दो दोस्त उसे स्कूटी से लेकर राप्ती नदी की ओर गए थे। कुछ घंटे बाद दोनों दोस्तों ने परिवार को सूचना दी कि प्रिंस नदी में डूब गया है।
परिवार का आरोप है कि दोनों दोस्तों ने प्रिंस के कपड़े पहन लिए और उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, जिससे मामले को लेकर शक गहरा गया।
सूचना मिलने के बाद राजघाट पुलिस ने SDRF की मदद से राप्ती नदी में तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस ने बुधवार को नदी के किनारे से प्रिंस की चप्पल बरामद की, जबकि उसके कपड़े और मोबाइल फोन अमरूतानी क्षेत्र से मिले।
इन बरामदगी के बाद परिवार ने मामले में हत्या की आशंका जताई और पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रिंस के परिवार और मोहल्ले के लोगों ने बुधवार को करीब छह घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। गुरुवार को भी आक्रोशित लोगों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया।
परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
रामगढ़ताल थाना पुलिस ने दोनों दोस्तों के खिलाफ बुधवार को ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और दोस्तों से पूछताछ भी की जा रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि प्रिंस की तलाश के लिए चार टीमें राप्ती नदी में अभियान चला रही हैं। शुक्रवार को भी तलाश जारी रहेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 21 August 2026, 11:34 AM IST
Topics : Gorakhpur News Gorakhpur Police Prince Kumar Missing Case Rapti River Missing Student SDRF Search Operation