गोरखपुर में सरयू का कहर, पानी-पानी हुआ गांव, कई इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा

गोरखपुर में सरयू नदी का रौद्र रूप अब ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ाने लगा है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने कई गांवों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है, वहीं नरगणाजग्गा सिंह गांव चारों तरफ से पानी से घिर गया है जिससे कई गांव प्रभावित होने लगे हैं।

Gorakhpur: सरयू नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने खजनी तहसील क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। नदी का पानी तेजी से बढ़ने के कारण बेलघाट क्षेत्र के कई गांव प्रभावित होने लगे हैं। नरगणाजग्गा सिंह गांव पूरी तरह पानी से घिर गया है, जिससे ग्रामीणों के सामने आवागमन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव की तैयारी तेज कर दी है।

बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार दोपहर करीब दो बजे उप जिलाधिकारी खजनी आनंद कुमार कटारिया और तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली। गांव के चारों ओर पानी भरने के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों के आवागमन के लिए तत्काल दो मध्यम आकार की नावों की व्यवस्था कराई है।

माइनर में पानी नहीं, खेतों में दरारें! गोरखपुर में सैकड़ों एकड़ धान पर मंडराया बर्बादी का खतरा

अधिकारियों ने ग्रामीणों को दिया भरोसा

अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर नावों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी ग्रामीण को आवागमन में परेशानी न हो। प्रशासन ने राजस्व कर्मियों और स्थानीय अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

उप जिलाधिकारी आनंद कुमार कटारिया ने ग्रामीणों से बाढ़ के पानी को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन के निर्देश पर जिला और तहसील प्रशासन बाढ़ जैसी विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

किसी भी तरह की आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीण तत्काल तहसील प्रशासन को सूचना दें, जिससे प्रभावित परिवारों तक समय रहते आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।

‘बरसात में लापरवाही भारी पड़ सकती है’, डेंगू को लेकर गोरखपुर में अलर्ट; अफसरों ने बताया बचाव का आसान तरीका

ग्रामीणों से प्रशासन से की ये अपील

उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन के साथ सहयोग करने और अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में जाने से बचने की अपील की। प्रशासन की ओर से संभावित खतरे वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान ये कर्मचारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से बाढ़ की स्थिति और जलस्तर की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है, वहीं प्रशासन की सक्रियता से लोगों को राहत की उम्मीद है।

Location :  Gorakhpur

Published :  24 August 2026, 10:44 PM IST

Advertisement