
गोरखपुर में मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: सहजनवा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने सोमवार देर रात खूनी रूप ले लिया। मेडिकल स्टोर संचालक पर घर लौटते समय घात लगाकर बैठे हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सहजनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत विडार निवासी सुमित सिंह, पुत्र राम बहाल सिंह, चड़राव चौराहे पर मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। रोज की तरह वह देर शाम दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उन्हें रोक लिया और देखते ही देखते धारदार चाकू से हमला बोल दिया। हमले में सुमित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ सुमित को तत्काल सीएचसी ठर्रापार ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायल के भाई आर्यन सिंह ने बताया कि करीब दस दिन पहले गांव से गई एक बारात में सुमित का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। उसी विवाद की रंजिश में यह हमला किया गया है। परिवार का आरोप है कि हमलावर पहले से साजिश के तहत रास्ते में घात लगाए बैठे थे और मौका मिलते ही जान लेने की नीयत से हमला किया।
सीओ गिडा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाए हुए है।
घटना की सूचना पर सहजनवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
Location : Gorakhpur
Published : 14 July 2026, 5:36 AM IST