
गोरखपुर में पुरानी दुश्मनी ने लिया हिंसक रूप
Gorakhpur: सहजनवां थाना क्षेत्र के धर्मदास पट्टी टोला कोल्हुई में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव निवासी विरेन्द्र दूबे पुत्र फुलदेव दूबे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक डंडा भी बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 नवंबर 2026 की है। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी विरेन्द्र दूबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी और उसके परिजनों पर हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सहजनवां थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
गोरखपुर में मारपीट के मामले में बड़ा एक्शन
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी क्रम में उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 591/2026 से संबंधित आरोपी विरेन्द्र दूबे को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही और कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 109(1), 74, 333, 115(2), 117(2), 118(1), 324(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार, उपनिरीक्षक राकेश यादव और मुख्य आरक्षी दीनदयाल चौधरी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले का मामला एक बार फिर चर्चा में है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 November 2026, 1:54 AM IST