Gorakhpur: महिलाओं के खातों से ऐसे उड़ाता था लाखों रुपये, पुलिस ने खोला पूरा राज

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के नाम पर चल रही स्वयं सहायता समूह की योजना को एक शातिर ठग ने अपनी कमाई का जरिया बना लिया। फाइनेंस कंपनी के सेल्स मैनेजर की पहचान का फायदा उठाकर उसने समूह की महिलाओं का भरोसा जीता और फिर उनके बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा दिए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 4 August 2026, 10:54 PM IST

Gorakhpur: जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक फाइनेंस कंपनी में सेल्स मैनेजर के रूप में कार्य करता था और इसी पहचान का फायदा उठाकर महिलाओं का विश्वास जीतता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना सहजनवां में दर्ज मुकदमा संख्या 674/2026 के तहत अभियुक्त दयानन्द यादव पुत्र राम प्रसाद यादव, निवासी ग्राम निबरहर, थाना सहजनवां, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) के तहत मामला दर्ज है।

ऐसे करता था महिलाओं से ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न वित्तीय योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा देता था। इसी बहाने वह उनके बैंक खाते खुलवाता और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर एटीएम, ओटीपी तथा अन्य गोपनीय जानकारियां अपने कब्जे में ले लेता था। बाद में उन्हीं जानकारियों का दुरुपयोग करते हुए उसने महिलाओं के खातों से लाखों रुपये निकाल लिए।

जब पीड़ित महिलाओं को अपने खातों से रकम गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गड्ढों में तब्दील हुई गोपालपुर-चीनी मिल-दशवतपुर सड़क, हर दिन हादसे का डर; ग्रामीणों ने गोरखपुर SDM को सौंपा ज्ञापन

मामले में पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया।

यूपी में 13 IAS अफसरों के तबादले, गोरखपुर के मंडलायुक्त समेत कई कमिश्नर बदले गए; देखिये सूची

पुलिस ने लोगों से की ये अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित बैंक को दें, ताकि साइबर और बैंकिंग धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 August 2026, 10:51 PM IST