हिंदी
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से चला आ रहा सर्राफा कारोबार अब मंदी की बड़ी मार झेल रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई और सोने की रिकॉर्ड कीमतों ने छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। गांव और कस्बों में जहां पहले शादी-विवाह और त्योहारों के समय ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी, वहीं अब बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
स्वर्ण व्यवसायियों का कहना है कि आम लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने लगी है। लोग अब सिर्फ जरूरी खर्चों पर ध्यान दे रहे हैं और सोना खरीदना उनकी प्राथमिकताओं से बाहर होता जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों पर पड़ रहा है, जिनकी आमदनी लगभग ठप हो चुकी है।
गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में हंगामा, जूनियर डॉक्टरों पर तीमारदारों से मारपीट का आरोप
व्यापारियों के मुताबिक, बाजार में ग्राहकों की संख्या इतनी कम हो गई है कि कई दुकानदार दिनभर दुकान खोलने के बाद भी एक-दो ग्राहक तक नहीं देख पा रहे हैं।
ग्रामीण सर्राफा कारोबारियों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी और बचत को लेकर की गई अपील का असर भी आम लोगों पर दिखाई दे रहा है। लोग अब फिजूल खर्च से बचने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों की खरीद क्षमता को काफी प्रभावित किया है।
स्वर्ण व्यवसायी संगठन से जुड़े अनिल बर्मा ने बताया कि सर्राफा कारोबार टूटने की कगार पर पहुंच चुका है। पहले त्योहार और वैवाहिक सीजन कारोबार के लिए सबसे अच्छे माने जाते थे, लेकिन अब ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पहले घर चलाने और जरूरी खर्चों को प्राथमिकता दे रहा है। कारोबारियों के अनुसार, सोने की कीमतें आम परिवारों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में गहनों की खरीद लगभग रुक सी गई है।
व्यवसायी रामजी बर्मा ने कहा कि वैश्विक युद्ध और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संकट का सीधा असर अब छोटे व्यापारियों पर दिखाई देने लगा है। सोने के दाम लगातार बढ़ने से ग्राहक बाजार से गायब हो गए हैं और कारोबार तेजी से गिर रहा है।उन्होंने कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि दुकान का किराया और कर्मचारियों का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। कई छोटे दुकानदार भविष्य को लेकर चिंता में हैं।
ग्रामीण कस्बों में सर्राफा बाजार की यह सुस्ती अब एक गंभीर आर्थिक समस्या बनती जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो कई छोटे दुकानदारों को अपना व्यवसाय बंद करने तक की नौबत आ सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 14 May 2026, 2:33 PM IST