गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके में रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पैसे वापस लेने पहुंचे युवकों पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें 22 वर्षीय प्रियांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

घायल युवक
Gorakhpur: रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गोला बाजार थाना क्षेत्र के दीपगढ़ गांव निवासी प्रियांशु सिंह (22) अपने मित्र महराजगंज जनपद के घुघली निवासी शशांक त्रिपाठी के साथ मंगलवार रात करीब 10:30 बजे रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चिड़ियाघर के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शशांक की बड़हलगंज थाना क्षेत्र के महुआपार निवासी पंकज शाही से पुरानी जान-पहचान थी।
आरोप है कि शशांक त्रिपाठी ने जरूरत पड़ने पर पंकज शाही को करीब साढ़े तीन लाख रुपये कर्ज के रूप में दिए थे। काफी समय से वह अपने रुपये वापस मांग रहा था। इसी को लेकर मंगलवार को दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई और पंकज ने शशांक को रुपये देने के लिए रामगढ़ताल क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास बुलाया था।
गाजियाबाद अग्निकांड में अब तक 4 की मौत, इलाज के दौरान अंजलि ने तोड़ा दम, 40 परिवार बेघर
बताया जा रहा है कि जब शशांक अपने मित्र प्रियांशु सिंह के साथ बाइक से मौके पर पहुंचे तो वहां पहले से ही पंकज शाही अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था। रुपये के लेनदेन को लेकर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इसी दौरान पंकज शाही ने अपने पास रखे असलहे से फायर कर दिया।
गोली सीधे प्रियांशु सिंह के घुटने और पैर के निचले हिस्से में जा लगी। गोली लगते ही प्रियांशु जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। घटना के दौरान शशांक त्रिपाठी को भी पत्थर लगने से सिर में चोट आई है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर रुक गए, लेकिन इसी बीच आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
गोरखपुर पुलिस ने दबोचा शातिर अपराधी, जानें किस तरीके से जिले में मचाया हुआ था आतंक
घटना की सूचना शशांक त्रिपाठी ने ही पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रियांशु को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पैर में गोली फंसी होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी पंकज शाही की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।