Gorakhpur: बिटिया की बहादुरी पर पुलिस ने लगाई मुहर, जानें सोने की दुकान लुटने आए बदमाशों का क्या हुआ हाल

गोरखपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हुई सनसनीखेज लूट ने सभी को चौंका दिया था। लेकिन कुछ ही दिनों में पुलिस की कार्रवाई ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। मुठभेड़ में घायल हुए दो आरोपियों की गिरफ्तारी ने कई सवालों के जवाब सामने ला दिए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 April 2026, 9:43 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक बिटिया ने जिस बहादुरी और हिम्मत से बदमाशों का सामना करके अपनी दुकान को लुटने से बचाया था, उस पर आज पुलिस ने मुहर लगा दी और मुठभेड़ में दो बदमाशों को धर दबोचा।

दरअसल, ज्वेलरी शॉप में हुई दिनदहाड़े लूट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। “देवांश स्वर्णकला केंद्र” में हुई इस वारदात में बदमाशों ने बेहद चालाकी से ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और देखते ही देखते सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत फैल गई थी।

ग्राहक बनकर आए थे लुटेरे

सोमवार दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक दुकान में पहुंचे और गहने दिखाने को कहा। दुकान मालिक राकेश वर्मा उस समय बाहर थे और दुकान पर उनकी बेटी अमृता वर्मा मौजूद थीं। बदमाशों ने पहले तो सामान्य ग्राहकों की तरह व्यवहार किया, लेकिन मौका मिलते ही करीब 20 ग्राम के सोने के झुमके और अन्य जेवरात झपटकर भागने लगे।

बेटी ने दिखाई बहादुरी

लूट की इस घटना में अमृता वर्मा ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। उन्होंने शोर मचाया और एक बदमाश को पकड़कर गिरा भी दिया, लेकिन आरोपी किसी तरह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इस दौरान अमृता के हाथ में चोट भी आई, लेकिन उनकी बहादुरी की चर्चा पूरे शहर में होने लगी।

Noida Engineer Death: युवराज मेहता की मौत के जिम्मेदारों की खुली कलई, जानें किन पर क्या होगी कार्रवाई?

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम कड़ी

घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में यह भी पता चला कि दूसरा आरोपी बाहर बाइक लेकर इंतजार कर रहा था, जिसके जरिए दोनों फरार हो गए थे।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया। लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार सुबह पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

गोरखपुर में चोरी का सनसनीखेज खुलासा! 48 घंटे में पुलिस ने दबोचे दो शातिर चोर, लैपटॉप समेत पूरा माल बरामद

मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान सहारनपुर के देवबंद निवासी मेहदी और रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 April 2026, 9:43 AM IST