
गोरखपुर गोला थाना क्षेत्र (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रकौली में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पिता को समझाकर घर ले जा रहे एक युवक को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर गोला पुलिस ने गांव के एक नामजद युवक और चार अज्ञात लोगों समेत कुल पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रकौली गांव निवासी सबरे आलम पुत्र शेर मोहम्मद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि तीन नवंबर की शाम करीब चार बजे वह अपने पिता शेर मोहम्मद को समझाकर घर ले जा रहे थे। इसी दौरान घर के पास गांव का ही सन्नी चौधरी पुत्र अज्ञात अपने चार अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि सभी ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी कि वह अपने पिता को क्यों डांट रहे हैं और उनसे क्या कह रहे हैं।
इस पर सबरे आलम ने बताया कि यह उनके परिवार का आपसी मामला है और वह अपने पिता को समझाकर घर ले जा रहे हैं। आरोप है कि इतना सुनते ही सभी लोग आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने युवक पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों के साथ लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से युवक संभल नहीं सका और गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार पिकअप ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को मारी टक्कर, मौके पर मौत; चालक फरार
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने गोला थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने सबरे आलम की तहरीर के आधार पर सन्नी चौधरी समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 5 November 2026, 3:29 PM IST