गोरखपुर में अचानक सड़कों पर उतरे DIG-SSP, फ्लैग मार्च के पीछे क्या है वजह

गोरखपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस ने सोमवार को व्यापक फ्लैग मार्च किया। डीआईजी एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 20 July 2026, 11:46 PM IST

Gorakhpur: जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से सोमवार को गोरखपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कोस्तुभ ने नगर क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया। अधिकारियों की मौजूदगी से पुलिस महकमे में भी सतर्कता दिखाई दी और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।

पैदल गश्त के दौरान डीआईजी और एसएसपी ने शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा महत्वपूर्ण मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं सक्रिय रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अफसरों ने किया संवाद

अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद भी किया। लोगों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वाहन दिखाई दे तो बिना देर किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की उपस्थिति, अनुशासन, कार्यप्रणाली और गश्त व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के भी निर्देश दिए गए।

एक मोबाइल चोरी ने कर दिया बड़ा नुकसान! गोरखपुर में फोन गायब होते ही खाते से उड़ गए हजारों, आखिर ऐसा क्या हुआ?

पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी

डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। वहीं एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता से बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

बाजार जाने निकला… लेकिन खून से सना मिला, तीन दिन तक मौत से लड़ता रहा युवक; पढ़ें गोरखपुर की सनसनीखेज खबर

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित नगर क्षेत्र के अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 July 2026, 11:46 PM IST