
कूरियर के बहाने साइबर ठगी
Gorakhpur: साइबर ठगों द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बनाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना राजघाट क्षेत्र के एक व्यक्ति से कूरियर बॉय बनकर संपर्क करने और लोकेशन पूछने के बहाने संदिग्ध लिंक भेजकर यूपीआई के माध्यम से 20 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत मिलने के बाद राजघाट पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की पूरी धनराशि वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार, 12 दिसंबर 2025 को साइबर ठग ने पीड़ित से कूरियर बॉय बनकर संपर्क किया। ठग ने कूरियर की लोकेशन के संबंध में जानकारी लेने के नाम पर पीड़ित को विश्वास में लिया और उसके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। लिंक के माध्यम से ठगी का शिकार बनाते हुए साइबर अपराधी ने पीड़ित के खाते से यूपीआई के जरिए 20,000 रुपये निकाल लिए।
धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने तत्काल मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने पर थाना राजघाट की साइबर सेल टीम सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और रकम को सुरक्षित तरीके से वापस कराने के लिए लगातार प्रभावी पैरवी की।
पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप MRM पोर्टल के माध्यम से पीड़ित के खाते में 20,000 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर राहत जताई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजघाट गौरव वर्मा के नेतृत्व में की गई।
रकम वापस कराने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव वर्मा, साइबर नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर क्लिक न करें और कूरियर, बैंक, केवाईसी या अन्य किसी बहाने से मांगी जाने वाली गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पुलिस को सूचना दें।
Location : Gorakhpur
Published : 4 September 2026, 4:10 AM IST