गोरखपुर में बवाल… विद्युत उपकेंद्र पर भीड़ का हमला: तोड़फोड़ कर संविदा कर्मियों को पीटा

गोरखपुर जनपद के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के गंगटही विद्युत उपकेंद्र पर रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों लोगों की भीड़ ने उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। आरोप है कि भीड़ ने संविदा कर्मियों के साथ मारपीट की

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 31 May 2026, 6:44 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के गंगटही विद्युत उपकेंद्र पर रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों लोगों की भीड़ ने उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। आरोप है कि भीड़ ने संविदा कर्मियों के साथ मारपीट की, विद्युत पैनल और मरम्मत सामग्री को नुकसान पहुंचाया तथा सरकारी अभिलेखों और फाइलों को फाड़कर उपकेंद्र में तोड़फोड़ की। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

मामले में संविदा कर्मी जितेन्द्र चौरसिया, पुत्र शिवदास चौरसिया, निवासी ग्राम गंगटही की तहरीर पर हरपुर-बुदहट पुलिस ने 13 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नारेबाजी करते हुए पहुंचे आरोपी

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 30 मई 2026 की शाम करीब 6:15 बजे जितेन्द्र चौरसिया अपने अन्य सहयोगियों के साथ गंगटही विद्युत उपकेंद्र पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कटसहरा फीडर से जुड़े मझौरा गांव के कुछ लोग समूह बनाकर उपकेंद्र पर पहुंचे। आरोप है कि धर्मेन्द्र शर्मा, जितेन्द्र शर्मा, सर्वजीत यादव, गिरजेश यादव, राजेश मौर्या, अवनीश उर्फ जग्गा यादव, समीर, लुकभान, दीपेश, जावेद, शनिदेवल, गुड्डू गौड़ और सच्चिदानंद समेत अन्य लोग नारेबाजी करते हुए परिसर में घुस गए।

तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने कर्मचारियों को अपशब्द कहे और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कई कर्मियों को चोटें आईं। इसके बाद उपकेंद्र में लगे विद्युत पैनलों, मरम्मत उपकरणों और अन्य सामग्री को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इतना ही नहीं, सरकारी कार्य से संबंधित फाइलों और दस्तावेजों को भी फाड़ दिया गया।

पुलिस पहुंची तो धमकी देकर भागे आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर 13 नामजद तथा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं—324(4), 191(2), 352, 315(2), 221, 132, 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  31 May 2026, 6:44 PM IST