खेलते-खेलते लापता हुआ ढाई साल का कन्हैया, हरपुर-बुदहट पुलिस ने चंद घंटों में खोज निकाला

हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया में बुधवार शाम घर के बाहर खेलते समय लापता हुए ढाई वर्षीय मासूम कन्हैया को पुलिस ने चंद घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। बच्चा घर से कुछ दूरी पर एक मकान में खटिया के नीचे सोता हुआ मिला। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 June 2026, 3:49 PM IST

Gorakhpur : हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेलते-खेलते एक ढाई वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पुलिस तक पहुंची तो हरपुर-बुदहट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू कर दी और महज कुछ घंटों के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

जानकारी के अनुसार ग्राम मठिया निवासी श्याम कुमार का ढाई वर्षीय पुत्र कन्हैया बुधवार शाम करीब पांच बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक कहीं चला गया। काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने अपने स्तर से तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बच्चे के गायब होने की खबर फैलते ही ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए।

चप्पे-चप्पे पर तलाशी के लिए टीम गठित

मामले की सूचना पीआरवी के माध्यम से हरपुर-बुदहट थाना प्रभारी प्रशांत पाठक को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके के लिए रवाना किया। खोज अभियान में उपनिरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल पीयूष कुमार, बृजेश कुमार, महिला आरक्षी आकांक्षा और महिला आरक्षी तनुजा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Gorakhpur Mystery: भटहट चौराहे के पास मिट्टी से बाहर लटक रही थी सिर्फ एक टांग, पास जाकर देखा तो उड़ गए होश!

सघन सर्च ऑपरेशन के बीच सामने आया सच

पुलिस और परिजनों ने संयुक्त रूप से गांव और आसपास के इलाकों में सघन तलाश शुरू की। बच्चे के लापता होने की खबर से ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए बच्चे की तलाश जारी रखी। खोजबीन के दौरान कन्हैया आवेदक के घर से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में खटिया के नीचे सोता हुआ मिला।

इलाके में शांति व्यवस्था कायम

बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने मासूम को सकुशल उसके परिवार को सौंप दिया। थाना प्रभारी प्रशांत पाठक ने बताया कि बच्चे की बरामदगी के बाद क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। मासूम की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हरपुर-बुदहट पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 June 2026, 3:49 PM IST