
Gorakhpur: कैंट क्षेत्र में स्कूल की छुट्टी के बाद अचानक लापता हुए कक्षा चार के छात्र को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब वह निर्धारित ऑटो से घर नहीं पहुंचा। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तेजी से तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने छात्र को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि छात्र ऑटो से उतरने के बाद रेलवे स्टेशन की ओर चला गया था और फिर ट्रेन में सवार होकर गोरखपुर से काफी दूर निकल गया।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे कैंट थाने को सूचना मिली कि एचपी डिफेन्स एकेडमी में कक्षा चार में पढ़ने वाला छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद अपने निर्धारित ऑटो से घर नहीं पहुंचा है। जानकारी जुटाने पर पता चला कि छात्र पिलर्स पब्लिक स्कूल के सामने ऑटो से उतर गया था।
छात्र के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम और क्राइम ब्रांच को तत्काल छात्र की तलाश में लगाया गया।
पुलिस टीम ने सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में छात्र रेलवे स्टेशन की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों से संबंधित CCTV फुटेज की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्र करीब चार बजे छपरा-अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रा करता हुआ दिखाई दिया है। इस जानकारी के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेलवे अधिकारियों और जीआरपी से संपर्क किया।
Chhapra Hotel Raid: छपरा के होटल में पुलिस की अचानक रेड, कमरों के अंदर का नजारा देख मच गया हड़कंप
ट्रेन में छात्र के सवार होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसकी संभावित लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश शुरू की। पुलिस की सक्रियता और जीआरपी के सहयोग से छात्र की लोकेशन का पता लगाया गया।
इसके बाद कैंट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तमकुही राज जंक्शन पर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया। छात्र को सुरक्षित गोरखपुर लाया गया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
Weather Update: दिल्ली से लेकर एमपी तक मानसून एक्टिव, 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी
बच्चे के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली। छात्र के अचानक लापता होने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में मामले का समाधान हो गया।
इस पूरे ऑपरेशन में कैंट पुलिस, क्राइम ब्रांच और जीआरपी की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस ने CCTV फुटेज, रेलवे से जुड़ी जानकारी और आपसी समन्वय के जरिए छात्र की गतिविधियों का पता लगाया और समय रहते उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
Location : Gorakhpur
Published : 10 September 2026, 8:22 AM IST