भोर की बारिश में मौत बनते-बनते बचा फोरलेन हादसा: लीची लदा ट्रक पोल से टकराकर पलटा, बिजली व्यवस्था ठप

गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर भोर की बारिश के बीच लीची से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन पोल से टकरा गया और पलट गया। हादसे में चालक और खलासी सुरक्षित बच गए, लेकिन बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। ट्रक में लदी लीची सड़क पर बिखर गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 June 2026, 8:26 PM IST

Gorakhpur: सहजनवा क्षेत्र गुरुवार भोर में हुई बारिश के बीच गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरपुर से दिल्ली की आजाद फल मंडी के लिए लीची लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन विद्युत पोल से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए, जबकि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।

मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, छह चक्का ट्रक बिहार के मुजफ्फरपुर से ताजा लीची लादकर दिल्ली जा रहा था। भोर में जब वाहन सहजनवा क्षेत्र के जुड़ियांन विद्युत उपकेंद्र के पास फोरलेन पर पहुंचा, तभी लगातार बारिश के कारण सड़क पर बनी फिसलन ने चालक की मुश्किल बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित हाईटेंशन लाइन के विद्युत पोल से जा टकराया।

रंगे हाथ पकड़ा गया फॉरेस्टर: रिश्वत लेते ही एंटी करप्शन टीम ने किया बड़ा ट्रैप, वन विभाग में हड़कंप

टक्कर लगने से टूटा बिजली का पोल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि मजबूत विद्युत पोल जड़ से टूट गया। इसके बाद ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आशंका थी कि ट्रक में सवार लोगों को गंभीर चोटें आई होंगी, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक और खलासी दोनों सुरक्षित बाहर निकल आए।

हादसे के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक में लदी बड़ी मात्रा में लीची सड़क और आसपास के क्षेत्र में बिखर गई। वहीं हाईटेंशन पोल टूटने से बिजली के तार और इंसुलेटर नीचे लटक गए, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई।

सुप्रीम कोर्ट से ACS संजय प्रसाद को बड़ी राहत, हाईकोर्ट के सख्त आदेशों पर लगी रोक

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गीडा पुलिस मौके पर पहुंच गई और यातायात व्यवस्था संभाली। वहीं विद्युत विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त पोल और तारों का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। बाद में क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर फोरलेन पर तेज रफ्तार और फिसलन भरी सड़कों के खतरे को उजागर कर दिया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 June 2026, 8:26 PM IST