खेत जुतवाने को लेकर खूनी विवाद, गोरखपुर में गोली मारकर हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के करनपुरा गांव में खेत जुतवाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी बंदूक, एक खोखा कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 October 2026, 8:58 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खेत जुतवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव में पट्टीदारों के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लाइसेंसी बंदूक, खोखा कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर 2026 की है। वादिनी का भाई खेत जुतवाने के लिए करनपुरा गांव गया था। इसी दौरान उसके पट्टीदार राधेश्याम पाण्डेय, लवकुश और अन्य लोगों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बीच राधेश्याम पाण्डेय ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

संयुक्त टीम ने की गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। वादिनी की तहरीर के आधार पर हरपुर बुदहट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 262/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।

बच्चे की फुटबॉल लगी तो भड़क उठे शिक्षक! गाली देने का आरोप, पहले भी हो चुके हैं सस्पेंड

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक के नेतृत्व में हरपुर बुदहट पुलिस ने एसओजी, स्वॉट, एंटी थेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने मथौली गांव निवासी राधेश्याम पाण्डेय पुत्र रामपलट और लवकुश पुत्र हरिहर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

लाइसेंसी बंदूक और खोखा कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की लाइसेंसी एसबीबीएल बंदूक, एक खोखा कारतूस और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने बंदूक को घटना में प्रयुक्त बताया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अब आत्मनिर्भर बनेंगी सुलतानपुर की पंचायतें! सोलर पैनल से बचेगा पैसा, गांवों को मिलेगी नई पहचान

इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी एसओजी निरीक्षक नीरज कुमार राय, एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, स्वॉट प्रभारी उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक छोटेलाल राय और उपनिरीक्षक प्रभुनाथ तिवारी शामिल रहे। इनके अलावा सुमित कुमार, पवन अवस्थी, कांस्टेबल अरुण कुमार, जितेन्द्र सिंह, आशुतोष तिवारी और महिला कांस्टेबल आकांक्षा यादव ने भी कार्रवाई में भूमिका निभाई।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 October 2026, 8:58 PM IST