Gorakhpur: दाह संस्कार से लौट रही बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी, पांच गंभीर

गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को दाह संस्कार से लौट रही बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण टक्कर हो गई जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 17 July 2026, 12:18 AM IST

Gorakhpur: जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दाह संस्कार से लौट रहे लोगों से भरी एक बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। खुरहरी गांव के पास बोहाबार–पलिया मार्ग पर बस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बस में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही झंगहा थानाध्यक्ष अनूप सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

दाह संस्कार से लौट रहे थे वापस

पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार शाम उस समय हुआ जब कुछ लोग बोहाबार पुल के पास एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद बस से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही बस खुरहरी ग्राम सभा के पास पहुंची, सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे कई यात्री घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात भी सामान्य कराया।

गोरखपुर में प्रशासनिक फेरबदल: सदर समेत चार तहसीलों के एसडीएम बदले, डीएम ने जारी किए आदेश

पुलिस का बयान

क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार लोग दाह संस्कार से वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायलों का एम्स गोरखपुर में उपचार चल रहा है।

गोरखपुर में महिला पर जानलेवा हमला, पिता-पुत्र और बेटी समेत एक ही परिवार के तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस के चालकों सहित सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर बनाए हुए है।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 July 2026, 12:12 AM IST