हिंदी
रोगा बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: सड़कों पर कानून का डर दिखाकर लोगों को ठगने वाला एक शातिर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। खुद को दरोगा बताकर राहगीरों से पैसे ऐंठने का खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अब इस ‘फर्जी खाकी’ की पोल खुल गई है। थाना कैण्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से ठगी के 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।
मामला गोरखपुर के कैण्ट थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी लोगों को रोककर खुद को पुलिस अधिकारी बताता था। जांच के नाम पर वह उनके बैग या सामान की तलाशी लेता और मौका मिलते ही पैसे लेकर फरार हो जाता। इस तरीके से वह कई लोगों को अपना शिकार बना चुका था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार चौबे की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 6 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी ने खुद को दरोगा बताकर उसे रोका और जांच के बहाने उसका झोला ले लिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की।
Muzaffarnagar Suicide Case: बहुरानी की मौत से हर कोई हैरान, आखिर क्या है बंद कमरे का सच?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की बासफोड़ के रूप में हुई है, जो जटेपुर उत्तरी हुमायूंपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे साफ है कि वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से पूरे 20 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर केस में संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और इस तरह की घटनाओं का खुलासा हो सके।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार चौबे और उपनिरीक्षक गिरिश मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने पैसे या सामान न दें और पुलिस की पहचान की पुष्टि जरूर करें।
Location : Gorakhpur
Published : 7 April 2026, 8:07 PM IST