हिंदी
कचरे के ढेर पर फूटा मेयर का गुस्सा (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Deoghar: शहर की सड़कों पर फैली गंदगी और कचरों के ढेर ने आखिरकार ऐसा माहौल बना दिया मानो कोई बड़ा “अपराध” हो रहा हो और सिस्टम आंख मूंदे बैठा हो। इसी ‘गंदगी के गुनाह’ पर अब नया वार हुआ है। देवघर के नवनिर्वाचित मेयर रवि राउत आज अचानक एक्शन मोड में दिखे और शहर में चल रही सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।
सुबह-सुबह मेयर रवि राउत बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण के लिए निकल पड़े। जैसे ही वे सब्जी मार्केट, मीना बाजार और वीआईपी गेट पहुंचे, वहां का नजारा देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। हर तरफ फैली गंदगी, कचरे के ढेर और ओवरफ्लो होती नालियों ने हालात बद से बदतर कर दिए थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों और सफाई कर्मियों को मेयर ने जमकर फटकार लगाई।
‘आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी’…ट्रंप की इस खौफनाक चेतावनी से पूरी दुनिया में खलबली
मेयर ने साफ शब्दों में कहा कि अब तक सफाई के नाम पर जो खानापूर्ति हो रही थी, वह अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से सीधे सवाल किए कि आखिर बजट खर्च होने के बावजूद जमीनी हकीकत इतनी खराब क्यों है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब हर गली और मोहल्ले में साफ-सफाई दिखनी चाहिए, सिर्फ कागजों पर नहीं।
निरीक्षण के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर के आसपास की गलियों में हालात और भी गंभीर मिले। जर्जर नालियों से गंदा पानी सड़कों पर बहता नजर आया। इस पर मेयर ने तुरंत नया एस्टीमेट तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने का आदेश दे दिया। साथ ही उन्होंने जल संकट पर भी चिंता जताते हुए कहा कि लोगों को पानी के लिए तरसना नहीं पड़ेगा।
बारात में डांस के बाद तांडव, 10 लोग अस्पताल में एडमिट, जानें खुशी के बीच कैसे हुई जंग शुरू?
मेयर रवि राउत ने साफ चेतावनी दी कि अब नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी व्यक्ति या दुकानदार सड़कों पर कूड़ा फेंकता हुआ पकड़ा गया, उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब समझाने का समय खत्म हो चुका है, सीधे कार्रवाई होगी।
सिर्फ सफाई ही नहीं, मेयर ने निजी स्कूलों की मनमानी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने डीसी से मुलाकात कर री-एडमिशन फीस के नाम पर हो रही वसूली पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मेयर के इस कड़े रुख से पूरे नगर निगम क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।
Location : Deoghar
Published : 7 April 2026, 7:40 PM IST
Topics : Deoghar Mayor Deoghar News Jharkhand News