हिंदी
बिल्सी कोतवाली (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: जनपद के बिल्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहटा गुसाई गांव में बारात निकासी की खुशियां उस समय तनाव में बदल गई, जब मामूली कहासुनी के बाद दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद की शुरुआत बारात निकासी के दौरान किसी बात को लेकर हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में कई लोग बुरी तरह घायल हो गए।
लाठी-डंडों के प्रहार से दोनों पक्षों को भारी नुकसान पहुंचा है। मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद में कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की संख्या को लेकर बताया जा रहा है कि एक पक्ष के 7 लोग चोटिल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के 3 लोग लहूलुहान हुए हैं।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका मेडिकल परीक्षण शुरू कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
कालिका मंदिर के दरवाजे पर ‘मदिरा’…आस्था बनाम अव्यवस्था की टक्कर, क्या पुलिस संभाल पाएगी स्थिति?
क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।
Location : Budaun
Published : 7 April 2026, 6:09 PM IST