नेपाल में उफान, गोरखपुर में धड़कनें तेज! क्या सैलाब के आगोश में समा जाएंगे गांव? खौफ में कट रही रातें

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद क्या गंडक नदी का पानी गोरखपुर के लिए खतरा बनेगा? प्रशासन ने NDRF-SDRF और PAC को अलर्ट कर दिया है। हालांकि डीएम ने फिलहाल जिले में खतरे जैसी स्थिति से इनकार किया है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 26 August 2026, 8:26 PM IST

Gorakhpur: नेपाल में फ्लैश फ्लड से हुई भारी तबाही के बाद गंडक नदी में पानी का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए गोरखपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। हालांकि जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया है कि गोरखपुर में फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। राप्ती और घाघरा नदियों का जलस्तर घट रहा है, लेकिन प्रशासन ने एहतियात के तौर पर निगरानी और राहत-बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बढ़ी चिंता

जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल में फ्लैश फ्लड के कारण बड़ी मात्रा में पानी जमा हुआ है और वहां व्यापक नुकसान की सूचना है। इसका असर मुख्य रूप से गंडक नदी के जलप्रवाह पर पड़ने की संभावना है। गोरखपुर में राप्ती नदी का जलस्तर फिलहाल काफी नीचे है, जबकि घाघरा में भी पानी लगातार कम हो रहा है। ऐसे में जिले में वर्तमान समय में किसी तरह की गंभीर चिंता की स्थिति नहीं है।

Gorakhpur: काम के बीच चोरी का खेल! निर्माणाधीन मकान से मोबाइल उड़ाने वाले 2 चोर पुलिस के हत्थे चढ़े

छह गांव और एक गांव पहले प्रभावित

प्रशासन के मुताबिक बड़हलगंज क्षेत्र के छह गांव और खजनी क्षेत्र का एक गांव पूर्व में बाढ़ से प्रभावित हुआ था। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और राशन किट उपलब्ध कराई गई थी। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मेडिकल टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं। कई इलाकों में पानी अब धीरे-धीरे उतरने से हालात सामान्य होने लगे हैं।

एनडीआरएफ-एसडीआरएफ समेत पीएसी अलर्ट

संभावित खतरे को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी को अलर्ट मोड में रखा गया है। टीमों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलस्तर अचानक बढ़ने या किसी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सके।

Gorakhpur Crime: पहले बेटी से छेड़खानी की, विरोध किया तो पूरे परिवार से करने लगे मारपीट

कुशीनगर पर भी प्रशासन की नजर

गंडक में संभावित बढ़ाव को देखते हुए गोरखपुर प्रशासन पड़ोसी जनपद कुशीनगर की स्थिति पर भी लगातार नजर रख रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कुशीनगर में एनडीआरएफ की टीम भेजने के निर्देश दिए जाएंगे।

गोरखपुर में कोई नागरिक लापता नहीं

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि अभी तक गोरखपुर जिले के किसी नागरिक के लापता होने की सूचना प्रशासन को नहीं मिली है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति में किसी भी बदलाव पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल गोरखपुर सुरक्षित है, लेकिन प्रशासन की नजर नेपाल से आने वाले पानी और गंडक के जलस्तर पर बनी हुई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 August 2026, 8:24 PM IST