
डीआईजी रेंज की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में बुधवार को डीआईजी रेंज एस. चनप्पा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव से लेकर शहर तक बीट पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करें और देर रात तक सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
डीआईजी ने कहा कि बीट पुलिसिंग पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। बीट पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति, प्रमुख स्थानों, संवेदनशील इलाकों और अपराध की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी रखें। स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद स्थापित कर छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लिया जाए, ताकि किसी घटना के घटित होने से पहले ही संभावित खतरे की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि गांव, मोहल्ले, बाजार और शहर के प्रमुख स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए। विशेष रूप से देर रात होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। नए किरायेदारों और क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाया जाए।
डीआईजी ने थाना प्रभारियों को बीट पुलिसिंग की नियमित समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बीट पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमण कर रहे हैं। विवाद की आशंका वाले मामलों की जानकारी पहले से जुटाकर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों, वारंटियों और गंभीर अपराधों की स्थिति की जानकारी ली गई। पुराने लंबित मामलों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण, महिला अपराध, साइबर अपराध और जनशिकायतों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में छात्रा से दरिंदगी, छेड़छाड़ के बाद स्कूटर से 100 मीटर घसीटा, 10 दिन बाद FIR
बैठक में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के बाद एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र और एसपी अपराध सुधीर जायसवाल का विदाई समारोह आयोजित किया गया।
Location : Gorakhpur
Published : 23 September 2026, 11:36 AM IST