
सरकारी योजनाओं का झांसा देकर साइबर ठगी
Gorakhpur: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरकारी योजनाओं का लालच देकर लोगों से म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड कराने वाले गिरोह के एक और वांछित सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर धोखाधड़ी के मामलों में सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व अपराध के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में निरीक्षक अवधेश तिवारी की टीम ने कार्रवाई करते हुए रवि सिंह उर्फ रामदास को धर दबोचा। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से ही साइबर ठगी से संबंधित मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि आरोपियों ने उसके बेटे को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर बैंक खाता खुलवाया। इसके बाद खाते का एटीएम, पासबुक और चेकबुक अपने कब्जे में लेकर उसमें साइबर फ्रॉड का पैसा मंगवाया जाता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
Gorakhpur News: ज्वेलर्स दुकान में सेंधमारी करने वाला गिरफ्तार, बाइक व सामान बरामद
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य ओंमकार अग्रहरि उर्फ अजीत और ऋतुराज यादव लोगों को बहला-फुसलाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद उनके दस्तावेज लेकर खातों की जानकारी आगे भेज दी जाती थी।
इन खातों का इस्तेमाल ठगी के पैसों के लेन-देन और निकासी के लिए किया जाता था। गिरोह के तार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम से भी जुड़े पाए गए हैं।
इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब रवि सिंह उर्फ रामदास की गिरफ्तारी से गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। आरोपी पर पहले भी उन्नाव जनपद में धोखाधड़ी और धमकी के मामले दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 17 April 2026, 6:02 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News UP News UP Police