Gorakhpur: शादी से लौटते दंपती को बनाया निशाना, पुलिस ने ऐसे पकड़े आरोपी

गोरखपुर में आधी रात एक दंपती के साथ ऐसा हुआ, जिसकी उन्हें जरा भी उम्मीद नहीं थी। शादी समारोह से हंसी-खुशी घर लौट रहे पति-पत्नी को बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से घेर लिया और देखते ही देखते वारदात को अंजाम दिया। वारदात के अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 September 2026, 10:48 PM IST

Gorakhpur: एम्स थाना क्षेत्र में शादी समारोह से पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे दंपती को पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बना लिया। आधी रात के समय बदमाश महिला के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में मोबाइल फोन और 2100 रुपये नकद रखे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई एम्स पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, 2100 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

शादी समारोह से लौट रहे थे दंपति

पुलिस के मुताबिक घटना 6/7 सितंबर 2026 की रात करीब 12:20 बजे की है। पीड़ित अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से KTM बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने महिला के हाथ में मौजूद पर्स झपट लिया और तेज गति से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से दंपती घबरा गए। पर्स में मोबाइल फोन और 2100 रुपये नकद होने की जानकारी पुलिस को दी गई।

घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर एम्स थाने में मु0अ0सं0 276/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

चोरी की बाइक काटकर बेचते थे पुर्जे, गोरखपुर पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने पिपराइच थाना क्षेत्र के मौलाखोर निवासी पवन कुमार पुत्र स्वर्गीय सूरज कुमार अग्निहोत्री और मोगलपुरा निवासी आकाश कुमार पुत्र सुभाष चन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल फोन और 2100 रुपये बरामद किए गए। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

गोरखपुर में वकीलों की मौत पर एक्शन: गोरखपुर हादसे में जेई-ठेकेदार समेत कई जिम्मेदारों पर मुकदमा, जांच शुरू

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले भी किसी छिनैती या लूट की घटना को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

एम्स पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आधी रात हुई छिनैती की घटना का खुलासा हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक राहगीरों के साथ होने वाली छिनैती और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 September 2026, 10:29 PM IST