
चेन लूटने वाला शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे
Gorakhpur: जिले के गगहा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन तथा छीनी गई चेन बेचने के बाद प्राप्त 10 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में एक और धारा बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने गगहा थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी माता घर से सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना गगहा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतेन्द्र पुत्र राजू प्रसाद, निवासी ग्राम कोहड़ा बुजुर्ग, थाना गोला, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन को बेचने के बाद मिले 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जिले में छीनैती, लूट और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप यादव, उपनिरीक्षक राजन शाह, कांस्टेबल आलोक सिंह, कांस्टेबल एकांश सिंह तथा कांस्टेबल मनोज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Location : Gorakhpur
Published : 3 August 2026, 1:16 AM IST