
गंदगी और कबाड़ देख भड़के सीडीओ फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: विकास भवन में गंदगी, कार्यालयों में बिखरे कबाड़ और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने कड़ी नाराजगी जताई। गुरुवार को विभिन्न कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड गोरखपुर सहित अन्य कार्यालयों में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि नोटिस का जवाब दो दिन के भीतर प्राप्त कर उसकी समीक्षा की जाए। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विकास भवन में गंदगी और अव्यवस्थित सामान मिलने पर उन्होंने जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) और नाजिर को विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके लिए टीम गठित कर भवन के कमरों, गलियारों और परिसर की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अनुपयोगी सामान और कबाड़ को नियमानुसार हटाने तथा फाइलों और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
WPL 2027 Auction: शतक लगाने वाली चमारी अटापट्टू समेत इन 3 खिलाड़ियों को नहीं मिला खरीदार
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति अनिवार्य है। संबंधित अधिकारी कमियों को तत्काल दूर कर बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ किया कि कार्यालयों की व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Location : गोरखपुर
Published : 29 October 2026, 2:41 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News