Gorakhpur: आजमगढ़ के ग्रामीणों पर गहराया रोजी-रोटी पर संकट, एसडीएम से लगाई ये गुहार

सरयू नदी का बढ़ता जलस्तर अब आजमगढ़ के देवाराखास राजा गांव के लोगों के लिए रोजी-रोटी की बड़ी चुनौती बन गया है। नदी पार कर गोला पहुंचने का एकमात्र सहारा नाव और स्टीमर बंद होने से मजदूरों और कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 September 2026, 11:46 PM IST

Gorakhpur: सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पक्का घाट पर नाव और स्टीमर संचालन बंद किए जाने से नदी पार आजमगढ़ जिले के देवाराखास राजा गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोला आने-जाने का प्रमुख साधन बंद होने से रोजाना मजदूरी और कारोबार के लिए आने वाले लोगों का कामकाज प्रभावित हो गया है। स्टीमर संचालन दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर बुधवार को दर्जनों ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी गोला को प्रार्थनापत्र सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि वे प्रतिदिन स्टीमर के माध्यम से सरयू नदी पार कर गोला आते-जाते हैं। हकीम, लालजी, सुरेंद्र, सरिता, लीलावती, शोभा, सरस्वती और अंजली समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अचानक स्टीमर सेवा बंद होने से उनका आवागमन बाधित हो गया है।

कई ग्रामीण गोला में मजदूरी और व्यवसाय करते हैं। आवागमन ठप होने से उनकी आमदनी प्रभावित हो रही है और परिवार के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।

ग्रामीणों ने एसडीएम से की मांग

ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की कि नदी के जलस्तर और मौजूदा परिस्थितियों का आकलन कर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के साथ स्टीमर संचालन दोबारा शुरू कराया जाए, ताकि रोजाना काम के सिलसिले में गोला आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।

लूट से लेकर NDPS और गैंगस्टर तक केस, गोरखपुर के दो आरोपियों की खुली हिस्ट्रीशीट; पुलिस की बढ़ी निगरानी

अधिशासी अधिकारी ने दिय़े थे निर्देश

सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नगर पंचायत गोला बाजार के अधिशासी अधिकारी ने 28 सितंबर को नाव और स्टीमर संचालकों के लिए आवश्यक सूचना जारी की थी। इसमें लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने और पक्का घाट पर संचालित नावों से जनसुरक्षा प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद सभी नावों और स्टीमर का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए थे।

आदेश में जलस्तर सामान्य होने तक नाव और स्टीमर नहीं चलाने तथा सक्षम अधिकारी की अनुमति मिलने के बाद ही संचालन शुरू करने को कहा गया था। आदेश की अवहेलना अथवा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित नाव मालिक या संचालक को जिम्मेदार ठहराने की बात भी कही गई थी।

गोरखपुर में साइबर ठगी पर पुलिस का एक्शन, 8 लोगों के खाते में लौटाई गई रकम

जलस्तर सामान्य होने पर होगा संचालन

अधिशासी अधिकारी वैभव चौधरी ने बताया कि सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए एसडीएम के निर्देश पर स्टीमर संचालन रोका गया है। जलस्तर सामान्य होने और परिस्थितियां सुरक्षित होने के बाद नियमानुसार स्टीमर सेवा शुरू कर दी जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  30 September 2026, 11:41 PM IST