Gorakhpur: चेक से जमीन हड़पने की कोशिश, रकम मांगने पर जानलेवा हमला

गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक काश्तकार को जालसाजों ने चेक देकर उसकी जमीन का बैनामा करा लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 May 2026, 6:58 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक काश्तकार को जालसाजों ने चेक देकर उसकी जमीन का बैनामा करा लिया, लेकिन जब पीड़ित ने बकाया रकम मांगी तो आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर चार नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरी खबर?

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एकला बाजार निवासी आशा देवी पत्नी मिथुन के पति नगर निगम में कचरा उठाने का कार्य करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से उन्होंने गांव में स्थित अपनी 4 डिसमिल जमीन बेचने का निर्णय लिया। गांव के ही कुलदीप यादव से 7 लाख रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से सौदा तय हुआ, जिसके तहत कुल 28 लाख रुपये भुगतान होना था।

24 लाख रुपये का चेक

बताया जाता है कि बैनामे के दिन आरोपी ने पीड़ित के खाते में मात्र 4 लाख रुपये ट्रांसफर किए और शेष 24 लाख रुपये का चेक थमा दिया। जब पीड़ित चेक लेकर बैंक पहुंचा, तो उसमें ओवरराइटिंग होने की वजह से बैंक ने उसे अस्वीकार कर दिया। इस पर आरोपी ने जल्द ही रकम खाते में भेजने का भरोसा दिया, लेकिन समय बीतने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।

फतेहपुर में सगे बेटों ने मां के साथ किया ये कारनामा, पीड़िता 80 की उम्र में थाने के चक्कर काटने को मजबूर

गंभीर रूप से घायल

आरोप है कि 19 अप्रैल को जब पीड़ित ने बकाया रकम की मांग की तो आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंच गया। वहां गाली-गलौज के बाद लोहे की रॉड और धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया।

मदनपुरा गौशाला में अव्यवस्थाओं पर सीडीओ सख्त, लापरवाही पर दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

घटना के बाद पीड़िता आशा देवी ने पुलिस को तहरीर दी। गीडा पुलिस ने कुलदीप यादव, दीपक यादव कोइल उर्फ राम प्रकाश यादव और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  गोरखपुर

Published :  2 May 2026, 6:58 PM IST