हिंदी
पुलिस ने हत्या करने वाली दोनों बहनों को किया गिरफ्तार (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ghaziabad: गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में 28 वर्षीय जाकिर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या थी। पुलिस ने मृतक की लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। महिला ने दावा किया कि उसने यह कदम अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर उठाया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय जाकिर की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर जिस घटना को आत्महत्या बताया जा रहा था, वह जांच में हत्या निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने मृतक की लिव-इन पार्टनर किरण और उसकी छोटी बहन कशिश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर जाकिर की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद जाकिर की लिव-इन पार्टनर ने दावा किया था कि उसने आत्महत्या की है। लेकिन मृतक के परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद कराए गए पोस्टमार्टम में पता चला कि जाकिर की मौत फांसी से नहीं हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले उसकी गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को पंखे से लटकाया गया। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान किरण टूट गई और उसने अपनी बहन के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी महिला ने दावा किया कि जाकिर की उसके साथ नोएडा में मुलाकात हुई थी और बाद में दोनों ट्रॉनिका सिटी में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।
पूछताछ में महिला ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद जाकिर उसकी 13 वर्षीय बेटी पर गलत नजर रखने लगा था। महिला का कहना है कि इसी वजह से उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। हालांकि, इस आरोप की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी जांच जारी है।
Ghaziabad Murder: एनकाउंटर के बाद खुल रहे राज, पिता नवाब समेत 3 गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 23 जून को वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले महिला ने जाकिर के मोबाइल फोन से कैब बुक कर अपने तीनों बच्चों को वहां से भेज दिया। इसके बाद वह कमरे में लौटी और अपनी बहन के साथ मिलकर जाकिर पर हमला किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले डंडे से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
जाकिर के भाई समीर उर्फ नासिर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ट्रॉनिका सिटी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने किरण को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां से पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
Location : Ghaziabad
Published : 30 June 2026, 8:39 AM IST