कार लोन का वेरिफिकेशन नहीं कराया तो भड़क उठी बेटी, पिता-भाभी पर पिस्टल तानने का आरोप; CCTV में कैद हुआ पूरा हंगामा

गाजियाबाद के साहिबाबाद में कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद देखते ही देखते गंभीर आरोपों में बदल गया। पिता की शिकायत के मुताबिक, बेटी ने पहले विवाद और हाथापाई की, फिर करीब 25 मिनट बाद दोबारा घर पहुंचकर पिस्टल तान दी और धमकी दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 September 2026, 12:11 PM IST
google-preferred

Ghaziabad: गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में पारिवारिक विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर हुए विवाद में एक युवती ने अपने पिता और भाभी के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। मामला यहीं नहीं रुका। कुछ देर बाद युवती दोबारा अपने घर पहुंची और कथित तौर पर पिस्टल लहराते हुए पिता और भाभी को गोली मारने की धमकी दी।

पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर युवती और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ढाई साल से अलग रह रही थी बेटी

मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का बताया जा रहा है। पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर अलग रहने लगी थी।बताया गया कि 8 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे प्रियंका अपनी एक सहेली के साथ घर पहुंची थी। वहां कार लोन से जुड़े वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बातचीत हुई। आरोप है कि हितेश तोमर ने वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

पहले हुई कहासुनी, फिर हाथापाई का आरोप

शिकायत के मुताबिक, वेरिफिकेशन से इनकार करने पर प्रियंका ने पिता के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप है। घर में हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद युवती अपनी सहेली के साथ वहां से चली गई। परिवार को लगा कि मामला फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन करीब 25 मिनट बाद घटनाक्रम ने अचानक दूसरा मोड़ ले लिया।

ये भी पढ़ें- Agra: कब्र खोदते ही सामने आया बड़ा सच, NHAI ने जमीन को बताया अपनी; परिवार ने किया 3 बीघे का दावा

गेट तोड़कर अंदर घुसने का आरोप

आरोप है कि प्रियंका अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची। इस बार उसने घर के मुख्य गेट को नुकसान पहुंचाया और जबरन अंदर दाखिल हो गई। इसके बाद कथित तौर पर उसने पिस्टल निकालकर पिता और भाभी की तरफ तान दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों को गोली मारने की धमकी भी दी गई। स्थिति बिगड़ती देख पिता और भाभी किसी तरह घर की पहली मंजिल पर पहुंच गए और खुद को सुरक्षित करने की कोशिश की।

CCTV फुटेज में कैद हुआ कथित हाईवोल्टेज ड्रामा

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम हिस्सा घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, फुटेज में युवती कथित तौर पर पिस्टल लहराती हुई दिखाई दे रही है। हाथापाई और धमकी से जुड़ी घटना के फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। घटना के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस से शिकायत की। इसके आधार पर 9 सितंबर 2026 को थाना साहिबाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें- शराब घोटाले से लेकर जेल की लंबी कैद तक! मुश्किलों से बाहर आए सीनियर IAS विनय चौबे, क्या अब मिलने वाली है बड़ी जिम्मेदारी?

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, शिकायत के आधार पर प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी युवती की तलाश कर रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले में युवती पर लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस स्तर पर जारी है।

Location :  Ghaziabad

Published :  11 September 2026, 12:11 PM IST

Related News

Advertisement