Ghaziabad Accident: दिल्ली-मेरठ हाईवे पर पलभर में उजड़ गई दो घरों की खुशियां, मची चीख-पुकार

गाजियाबाद के मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ हाईवे पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार नमो भारत के पिलर से टकरा गई। हादसे में चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। कार की स्पीड करीब 120 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 May 2026, 10:58 AM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में दिल्ली-मेरठ हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नमो भारत कॉरिडोर के पिलर से एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार टकरा गई, जिससे चालक समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा मोदीनगर में मेरठ रोड स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने हुआ। कार में छह युवक सवार थे, जो दिल्ली से मेरठ लौट रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले कार डिवाइडर से टकराई और फिर नमो भारत के पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सामने से एक ट्रक भी आ रहा था, लेकिन संयोग से वह कार की चपेट में आने से बच गया।

13 जिलों के बदमाशों के पापाजी की दिल्ली में मौत, यूपी से लेकर एमपी तक था साम्राज्य, पढ़ें कुख्यात लेखराज की पूरी कहानी

चालक समेत दो की मौके पर मौत

हादसे में चालक लोनी निवासी 25 वर्षीय अंकित तिवारी और मेरठ के परतापुर निवासी 32 वर्षीय आदेश की मौत हो गई। दोनों आगे की सीट पर बैठे थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं, पीछे बैठे कुलदीप, आदेशपाल, हिमांशु और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित और आदेश को मृत घोषित कर दिया। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।

दिल्ली घूमने गए थे सभी दोस्त

पुलिस जांच में सामने आया है कि मेरठ के परतापुर निवासी रोहित अपने दोस्तों आदेश, हिमांशु कुमार, कुलदीप, आदेशपाल और लोनी निवासी अंकित तिवारी के साथ बुधवार को दिल्ली गए थे। गुरुवार सुबह सभी दोस्त मेरठ लौट रहे थे। अंकित कार चला रहा था। इसी दौरान मोदीनगर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।

कार परतापुर के कुंडा गांव निवासी संजय के नाम पर रजिस्टर्ड बताई गई है।

UP News: रायबरेली में आस्था से सराबोर हुआ एनटीपीसी का दशहरा मेला, जानें पूरी खबर

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी। माना जा रहा है कि अधिक स्पीड के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

भीषण दुर्घटना के बाद दिल्ली-मेरठ हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर क्षतिग्रस्त कार के कारण यातायात प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।

Location :  ghaziabad

Published :  21 May 2026, 10:58 AM IST