
वारदात के बाद मौके पर तनाव का माहौल (Image: X)
Ghaziabad News: गाजियाबाद में मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि बीच-बचाव और शिकायत करने पहुंची 33 साल की महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। महिला भाई दूज पर मायके आई हुई थी। शनिवार रात उसके भाई का पड़ोसियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि पड़ोसी के घर के बाहर टॉयलेट करने पर पहले भाई के साथ मारपीट की गई। इसकी शिकायत लेकर महिला अपने मौसेरे भाई के साथ पड़ोसियों के घर पहुंची तो वहां कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली महिला के सिर में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई भी गोली लगने से घायल हो गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही इलाके में गुस्सा फैल गया। भीड़ ने आरोपियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए। तनाव को देखते हुए चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी।
मामला गाजियाबाद के लोनी की इंदिरापुरी कॉलोनी का है। यहां बाबूलाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह कई सालों से लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं। उनकी बेटी पूजा की शादी दादरी निवासी नरेंद्र से हुई थी। नरेंद्र बैनर बनाने का काम करते हैं। पूजा की दो बेटियां हैं। भाई दूज के मौके पर पूजा अपने मायके आई हुई थी। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि एक मामूली विवाद के बाद घर में ऐसा मातम छा जाएगा।
आरोपी को छतिग्रस्त कार (IMG: X)
शनिवार रात करीब 10 बजे पूजा का भाई अमन पड़ोसी प्रशांत उर्फ पांचाल के घर के बाहर टॉयलेट कर रहा था। इस पर प्रशांत ने उसे टोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद अमन वहां से चला गया और घर से करीब 50 मीटर दूर जाकर बैठ गया। आरोप है कि वहां 10 से 12 लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में अमन किसी तरह घर पहुंचा और परिवार के लोगों को पूरी बात बताई। भाई के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलने के बाद पूजा ने मामले की शिकायत करने का फैसला किया।
इसके बाद पूजा अपने मौसेरे भाई अमित के साथ प्रशांत के घर पहुंचीं। वहां प्रशांत और उसके साथियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में पूजा के सिर में गोली लग गई, जबकि अमित भी गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में दोनों को दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पूजा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अमित का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आरोपी का घर (Image: X)
पूजा की मौत की खबर जैसे ही परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंची, गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग प्रशांत के घर पहुंच गए और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ ने घर के अंदर घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाया और बाहर खड़ी कार के शीशे भी तोड़ दिए। उस समय प्रशांत और उसके परिवार के सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशांत तथा उसके परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। स्थिति को संभालने के लिए डीसीपी ग्रामीण और एसीपी समेत लोनी बॉर्डर, लोनी कोतवाली, अंकुर विहार और ट्रॉनिका सिटी थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े लोगों की भूमिका और गोलीबारी के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 15 November 2026, 2:55 PM IST