Ghaziabad Murder Case: संपत्ति के लिए बेटे ने पार की सारी हदें, गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर बनाया खौफनाक प्लान…

गाजियाबाद के लोनी में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। बेटे बिलाल ने अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्त के साथ मिलकर 80 वर्षीय पिता अजीजुद्दीन की हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ब्लैकमेलिंग की साजिश भी रची थी। करीब एक महीने की तलाश के बाद पुलिस ने बिलाल को मुंबई और खुशबू को दिल्ली से गिरफ्तार किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 May 2026, 5:47 PM IST

Ghaziabad: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक बेटे ने अपनी प्रेमिका और दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बेटे बिलाल ने संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए साजिश रची थी। इतना ही नहीं, उसने अपनी महिला मित्र खुशबू को पिता के करीब भेजकर ब्लैकमेलिंग की योजना भी बनाई थी।

जानकारी के अनुसार लोनी के टोली मोहल्ला कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय अजीजुद्दीन को उनका बेटा बिलाल किराए के कमरे में बुलाकर ले गया था। वहां पहले से ही उसकी महिला मित्र खुशबू और दोस्त निसार अली मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बुजुर्ग को फंसाने और वीडियो बनाकर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन जब अजीजुद्दीन वहां से जाने लगे तो तीनों ने मिलकर उनका गला दबा दिया।

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी

हत्या की वारदात के बाद बिलाल और खुशबू फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों की तलाश में दिल्ली समेत 30 से ज्यादा शहरों में दबिश दी। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और पहचान छिपाने के लिए सिम कार्ड भी बदलता रहा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बिलाल ने रिश्तेदारों से संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया था।

गोरखपुर में हत्या कांड का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार से हुई थी महिला की हत्या

हालांकि खुशबू ने रिश्तेदारों से फोन पर जानकारी लेने की कोशिश की, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला। कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस मुंबई के ठाणे स्थित मुब्रा इलाके पहुंची, जहां से बिलाल को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में खुशबू को दिल्ली के पटेल नगर स्थित उसके घर से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार मुंबई में बिलाल मजदूरी कर गुजारा कर रहा था। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।

सीसीटीवी फुटेज और जांच में खुला पूरा राज

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अजीजुद्दीन आठ अप्रैल को घर से लापता हुए थे। 11 अप्रैल को उनका शव घर के पास स्थित किराए के कमरे से बरामद हुआ था। मृतक की पत्नी नसरीन ने बेटे बिलाल और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।

UP Crime: गोरखपुर में गैंगस्टर का हुआ बुरा हाल, ऐसे पकड़ा गया शातिर

जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें बिलाल और उसके साथी नजर आए। इसके बाद खुशबू और निसार अली का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

पूछताछ में बिलाल ने बताया कि उसने खुशबू के नाम पर टोली मोहल्ले में किराए का मकान लिया था, जहां पूरी साजिश को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपी निसार अली की तलाश जारी है।

Location :  Ghaziabad

Published :  7 May 2026, 5:47 PM IST