
बोलेरो पिकअप (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ghaziabad: हरिद्वार में गंगा स्नान और नई बोलेरो की पूजा कराने जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गई। गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर बोलेरो पिकअप और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राजस्थान के अलवर जिले के कलगांव निवासी परिवार ने हाल ही में नई बोलेरो पिकअप खरीदी थी। वाहन की पूजा कराने और गंगा स्नान करने के लिए परिवार के सदस्य मंगलवार रात हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 12:40 बजे उनकी गाड़ी चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में रमेश पुत्र छोटेलाल, रतन पुत्र भजनलाल और सरजीत पुत्र खुशीराम की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों राजस्थान के अलवर जिले के कलगांव गांव के रहने वाले थे। इसके अलावा बोलेरो में सवार 13 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा और निवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
देवरिया में चोरों का आतंक! पुलिस पिकेट से चंद कदम दूर दुकान का शटर तोड़कर लाखों का माल उड़ाया
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक और बोलेरो दोनों की तेज रफ्तार हादसे की संभावित वजह सामने आई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
Location : Ghaziabad
Published : 29 July 2026, 10:20 AM IST
Topics : Bolero Truck Collision Ghaziabad Accident Ghaziabad Police Haridwar Road Accident Rajasthan Pilgrims