हिंदी
अयोध्या और अवध क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने हालात बिगाड़ दिए हैं। पंपों पर लंबी कतारें, सीमित आपूर्ति और कालाबाजारी की खबरों से लोग परेशान हैं, जबकि प्रशासन लगातार पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहा है।
अयोध्या और अवध क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की कमी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या, अंबेडकरनगर और बलरामपुर समेत पूरे अवध क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह ने हालात बिगाड़ दिए हैं। बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई स्थानों पर लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि पुलिस को व्यवस्था संभालने के लिए तैनात करना पड़ा। अयोध्या में तो हालात ऐसे हो गए कि कई पेट्रोल पंपों पर "पेट्रोल-डीजल खत्म" के नोटिस तक चस्पा करने पड़े।
जहां ईंधन उपलब्ध है, वहां भी उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। कई पंपों पर 100 रुपये तक की सीमा तय कर दी गई है, जबकि कुछ स्थानों पर 10 लीटर तक ही डीजल दिया जा रहा है। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप होने के कारण लोगों को केवल नकद में भुगतान करना पड़ रहा है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
LPG संकट के बीच बड़ा फैसला, लाखों घरों तक पहुंचेगा PNG कनेक्शन; तीन महीने में बदल सकती है व्यवस्था
स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोग सुबह 5 बजे से ही पेट्रोल पंपों पर लाइन में लग रहे हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को ईंधन नहीं मिल पा रहा है। अयोध्या के कई पंपों पर सुबह आठ बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी खराब हैं, जहां कई पंप पूरी तरह सूख चुके हैं।
संकट के बीच कालाबाजारी भी तेज हो गई है। शहर में पेट्रोल 200 रुपये प्रति लीटर तक बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मजबूरी में लोग महंगे दाम पर ईंधन खरीदने को विवश हैं। इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
डीजल की कमी का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। गेहूं और सरसों की मड़ाई, पंपसेट और खेतों की जुताई जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। किसान डीजल के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। इससे कृषि कार्यों की गति धीमी पड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह के चलते लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। कई लोग बोतल और डिब्बों में भी तेल जमा करने पहुंच रहे हैं, जिससे कृत्रिम संकट पैदा हो गया है।
हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। कई संवेदनशील पेट्रोल पंपों पर बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस की निगरानी में लोगों को कतारबद्ध कर ईंधन वितरण कराया जा रहा है। कुछ जगहों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आई हैं।