बरेली में साइबर अपराध के मामलों में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कई बार महिलाओं की बदनामी और धमकियों के पीछे उनकी ही सहेली, ननद या भाभी जैसी करीबी महिलाएं होती हैं। पुलिस ने सतर्क रहने और शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Symbolic Photo
Bareilly: बरेली में साइबर अपराध का एक ऐसा खौफनाक ट्रेंड सामने आ रहा है, जिसने रिश्तों की बुनियाद हिला दी है। मिशन शक्ति के जरिए सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की बात कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ महिलाएं ही महिलाओं की दुश्मन बनती जा रही हैं। सोशल मीडिया पर बदनामी, धमकी और फर्जी आईडी के खेल में कई मामलों में आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि सहेली, ननद, भाभी या परिवार की ही नजदीकी महिला निकल रही है।
सहेली ने प्रेम में रची खौफनाक साजिश
साइबर थाने का सबसे चर्चित मामला दो सहेलियों और उनके एक प्रेमी से जुड़ा है। छात्रा की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो-वीडियो डाले गए। जब पीड़िता ने संपर्क किया तो उसे नस काटने तक की धमकी दी गई। जांच में सामने आया कि यह सब उसकी पक्की सहेली कर रही थी, जो उसी युवक को अपना बनाना चाहती थी।
बहन ने प्रेमिका को किया बदनाम
सीबीगंज इलाके में युवक को उसकी प्रेमिका के अश्लील फोटो भेजकर धमकियां दी गई। जांच में पता चला कि यह आईडी युवक की सगी बहन ने बनाई थी, जो उस लड़की को भाभी के रूप में स्वीकार नहीं कर पा रही थी।
जेठानी की जलन ने तोड़ा घर का सुकून
महानगर कॉलोनी में नई बहू के खिलाफ फर्जी आईडी बनाकर पति को धमकियां भेजी गई। साइबर पुलिस ने खुलासा किया कि यह साजिश जेठानी ने रची थी, जो देवरानी की बढ़ती तारीफ से जल रही थी।
परिवार में ही बदनामी की रील
जनवरी के मामले में एक युवक और उसकी चचेरी बहन के अश्लील गानों के साथ रील वायरल हुई। जांच में आरोपी परिवार की ही दूसरी लड़की निकली। सभी मामलों को लेकर पुलिस के पास शिकायत पहुंची। पुलिस ने सभी मामलों का समाधान किया है।
पुलिस की अपील
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि वेब सीरीज, सीरियल और सोशल मीडिया महिलाओं के व्यवहार पर असर डाल रहे हैं। एसपी अंशिका वर्मा ने कहा कि निजता भंग होने पर घबराएं नहीं, तुरंत पुलिस से शिकायत करें।