
प्रतीकात्मक छवि
Ghaziabad: गाजियाबाद के मुरादनगर में रावली-सुराना मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू होते ही इलाके में हलचल बढ़ गई है। पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क किनारे बने निर्माणों पर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद अतिक्रमण करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल है। कई लोगों ने कार्रवाई के डर से नोटिस तक फाड़ दिए।
रावली-सुराना मार्ग मुरादनगर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है। यह सड़क 15 से अधिक गांवों को दिल्ली-मेरठ मार्ग से जोड़ती है। लेकिन आबादी वाले हिस्से में लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क काफी संकरी हो गई है। इसी वजह से यहां आए दिन लंबा जाम लगता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग लंबे समय से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। अब पीडब्ल्यूडी ने इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार रावली-सुराना मार्ग को 44 फीट चौड़ा किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण को लेकर औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू होने की संभावना है।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से इलाके में जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होगी और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी।
सड़क किनारे अतिक्रमण कर निर्माण करने वाले लोगों में नोटिस चस्पा होने के बाद हड़कंप मच गया। कई लोगों ने अपने घरों और दुकानों पर लगाए गए नोटिस तुरंत हटा दिए। वहीं कुछ लोग प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चिंतित नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सड़क चौड़ीकरण सही तरीके से हुआ तो वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
Location : Ghaziabad
Published : 22 May 2026, 2:23 PM IST
Topics : Ghaziabad Muradnagar notice Road construction UP News