
सिलेंडर में लगी आग फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Maharajganj: महराजगंज फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा महदेवा बुजुर्ग में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से अचानक आग लग जाने के कारण चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय महराजगंज रेफर कर दिया।
अचानक सिलेंडर से आग भड़की
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को महदेवा बुजुर्ग गांव में घर के अंदर गैस सिलेंडर पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में शाहजहां पुत्री शमसाद अली उम्र 19 वर्ष, नाजिया खातून पुत्री शमसाद अली उम्र 21 वर्ष, सना खातून पुत्री इमामुद्दीन उम्र 6 वर्ष तथा नूर हसन पुत्र इमामुद्दीन उम्र 5 वर्ष गंभीर रूप से झुलस गए।
गांव में चिंता का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया। घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Location : Maharajganj
Published : 18 May 2026, 12:36 PM IST
Topics : Cylinder Fire Latest News Maharajganj News UP News