हिंदी
फिरोजाबाद में युवक की मौत से सनसनी
Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना मटसैना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना पुरानी पशु हाट के पास की है, जहां खेत में लगे पेड़ पर युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को गृहकलह के चलते आत्महत्या मान रही है।
मृतक की पहचान थाना जसराना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी वीरभान उर्फ वीशेष (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरभान मुंबई की एक फैक्टरी में काम करता था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी थाना मटसैना क्षेत्र के गांव इटौरा निवासी संगीता से हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, वीरभान 25 अगस्त को मुंबई से अपने घर लौटा था। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए ससुराल गया था। शनिवार सुबह पुरानी पशु हाट के पास नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से उसका शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की फाइल फोटो
मृतक के चाचा विजय चंद्र ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही वीरभान और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पत्नी संगीता मार्च महीने से अपने मायके में रह रही थी और वर्तमान में करीब सात माह की गर्भवती है। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को संगीता ने घी देने के बहाने वीरभान को अपने पास बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम के बाद से वीरभान से परिवार का संपर्क नहीं हो सका था।
रील बनाने का था शौक
परिजनों के अनुसार, दंपती के बीच विवाद का एक कारण सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भी था। उनका कहना है कि संगीता को सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का शौक था, जिसका वीरभान और उसके परिवार वाले विरोध करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Firozabad
Published : 27 September 2026, 2:10 AM IST