
फतेहपुर जिले में नवरात्रि की धूम
Fatehpur: फतेहपुर जिलेभर में शारदीय नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। तेलियानी, असोथर, खागा, बिंदकी और अन्य ब्लॉकों के सभी गांवों में 2000 से अधिक स्थानों पर दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 22 सितंबर से शुरू हुए इस धार्मिक उत्सव ने पूरे जिले का माहौल भक्तिमय बना दिया है।
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। मान्यता है कि मां शैलपुत्री सौभाग्य और स्थिरता की देवी हैं। जिले के प्रमुख आयोजनों में तारापुर की दुर्गा जागरण युवा कमेटी शामिल है, जो पिछले 23 वर्षों से भव्य आयोजन कर रही है। इस वर्ष यहां 9 दिनों तक रासलीला का भी विशेष कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार सहिली की मां दुर्गा कमेटी पिछले 7 वर्षों से और जय दुर्गा कमेटी 6 वर्षों से पूजा का आयोजन कर रही है।
शाम को 8:30 बजे आरती और पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। हर दिन मां का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जिले के विभिन्न गांवों में कामता प्रसाद, उत्तम शुक्ला, आशु शुक्ला, अभिषेक, गोलू पटेल, राजा, संदीप, रानू, राजकुमार, जितेंद्र कुमार जैसे समिति के कार्यकर्ताओं के साथ सैकड़ों भक्त इस धार्मिक माहौल में शामिल होकर माता के चरणों में आस्था प्रकट कर रहे हैं।
Location : Fatehpur
Published : 23 September 2025, 2:41 AM IST
Topics : Durga pooja fair Fatehpur Festival Navratri