UP News: कागजों पर किसी और का नाम और कब्जे पर सियासत, फतेहपुर जमीन विवाद में मारपीट पर पुलिस सख्त

फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र में 96 बीघे जमीन की कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो और हवाई फायरिंग के आरोपों के बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सीओ सिटी को जांच सौंप दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 November 2026, 10:53 AM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर शमशाही गांव में 96 बीघे जमीन की कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष की नौबत आ गई। गंगा के तट पर स्थित इस जमीन को लेकर लाल सिंह पक्ष और शिवसागर निषाद-रामा पासवान पक्ष लंबे समय से आमने-सामने हैं।

विवाद उस समय गंभीर हो गया जब दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें ट्रैक्टर और कथित तौर पर हवाई फायरिंग जैसी बातें सामने आ रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सीओ सिटी को मौके पर भेजकर जांच के आदेश दिए हैं।

छात्रा की मौत के बाद जागी पुलिस: छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने सुनवाई न होने पर दी जान, चौकी इंचार्ज सस्पेंड

पुलिस जांच में इस विवाद की एक बड़ी और दिलचस्प परत सामने आई है। विवादित जमीन के आधिकारिक दस्तावेज लाल सिंह पक्ष के नाम पर दर्ज हैं, जबकि इस विशाल जमीन पर कब्जा राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बहन और पूर्व प्रधान रामा देवी पासवान के पक्ष का बताया जा रहा है। कागजी हक और वास्तविक कब्जे के इसी अंतर के कारण दोनों पक्षों के बीच आए दिन तनातनी बनी रहती है, जो आखिरकार खुलकर हिंसा और मारपीट में बदल गई।

कोतवाली मलवां फतेहपुर (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

घटना के बाद दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे और आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, लाल सिंह पक्ष का आरोप है कि शिवसागर निषाद और उनकी पत्नी के साथ कहासुनी और मारपीट हुई थी। वहीं, दूसरे पक्ष की तरफ से आईं पूर्व प्रधान रामा पासवान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे दवा कराकर लौट रही थीं, तब शिवसागर को पीटा जा रहा था। बीच-बचाव करने पर दबंगों ने उनकी कनपटी पर बंदूक लगा दी, उनके साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनके कपड़े भी फट गए।

प्रयागराज में कॉलेज चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 5 CPU समेत कंप्यूटर उपकरण बरामद

प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल करा लिया है और राहत की बात यह है कि शुरुआती जांच में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ट्रैक्टर और कथित हवाई फायरिंग के वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  3 November 2026, 10:53 AM IST