Fatehpur Accident: देश की वर्दी पहनने का सपना था, लेकिन हाईवे पर थम गई संजय की जिंदगी

फतेहपुर के खागा में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की सुबह की दौड़ के दौरान दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। हाईवे पर दोस्तों के साथ दौड़ रहे संजय कुमार को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 September 2026, 8:52 PM IST

Fatehpur: सेना में भर्ती होने का सपना लेकर रोज सुबह दौड़ लगाने वाले एक युवक की जिंदगी हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। खागा कोतवाली क्षेत्र के इस्कुरी-भोगलपुर के पास शनिवार सुबह करीब पांच बजे पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से संजय कुमार पुत्र सियाराम पासवान की मौत हो गई। संजय कमलाखेर गांव का रहने वाला था और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।

दोस्तों के साथ हाईवे पर लगा रहा था दौड़

बताया जा रहा है कि संजय सुबह अपने कुछ साथियों के साथ हाईवे पर दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ दौड़ रही एक छात्रा भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। संजय की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। क्षेत्र के लोगों में भी घटना को लेकर शोक है।

ये भी पढ़ें- गुरुओं का सम्मान ही समाज की असली पहचान, आलमाइटी संस्था ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

सेना में भर्ती का सपना अधूरा रह गया

ग्रामीणों के अनुसार संजय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था। इसी सपने को पूरा करने के लिए वह नियमित रूप से शारीरिक तैयारी करता था। सुबह की दौड़ उसकी तैयारी का हिस्सा थी, लेकिन जिस सड़क पर वह अपने भविष्य की तैयारी कर रहा था, वही सड़क उसकी जिंदगी के लिए आखिरी सफर बन गई।

खेल मैदान की कमी पर भी उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खागा तहसील क्षेत्र में युवाओं के लिए सुविधायुक्त खेल मैदान की कमी का मुद्दा उठाया है। लोगों का कहना है कि अगर युवाओं को दौड़ और शारीरिक अभ्यास के लिए सुरक्षित मैदान उपलब्ध हो तो उन्हें भारी यातायात वाले हाईवे पर अभ्यास करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ये भी पढ़ें- अंतिम संस्कार से लौटे तो खुद के घर में पसर गया मातम, बदायूं हादसे में एक की दर्दनाक मौत, दो अन्य घायल

हादसे ने यातायात व्यवस्था पर भी खड़े किए सवाल

हाईवे पर युवाओं के दौड़ लगाने को लेकर यातायात सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर दौड़ लगाना बेहद जोखिम भरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवाओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित अभ्यास के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी जरूरी है।

Location :  Fatehpur

Published :  5 September 2026, 8:52 PM IST