
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया (img: Dynamite news)
Fatehpur: दीपावली पर मोटी कमाई करने के लिए बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। फतेहपुर के जहानाबाद में पुलिस ने छापेमारी कर 1 क्विंटल 12 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने आगामी दीपावली पर बिक्री करने के लिए पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जिले में अवैध विस्फोटक पदार्थों के भंडारण और अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अक्टूबर 2026 को जहानाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे के मोहल्ला बंबा ऊपर में हाईवे किनारे एक दुकान के पीछे खाली जगह पर बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान बोरी और गत्तों में रखे विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने इनका वजन करीब एक क्विंटल 12 किलोग्राम बताया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है।
पुलिस ने मौके से मोहम्मद इरफान (39) पुत्र मोहम्मद जहीर उर्फ चुन्ना को गिरफ्तार किया। आरोपी जहानाबाद कस्बे के मोहल्ला औरंगाबाद का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने आगामी दीपावली पर्व पर बिक्री करने के उद्देश्य से पटाखों का भंडारण किया था। इसके लिए उसके पास आवश्यक लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना जहानाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 191/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5/9ख के तहत कार्रवाई की जा रही है।
UP News: कोल्हुई में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में मारपीट, गिरफ्तारी की मांग पर हाईवे जाम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक बिन्धेश कुमार गिरि, मुख्य आरक्षी श्याम कुंवर, आरक्षी वीरू सिंह और आरक्षी चंदन कुमार शामिल रहे। पुलिस अब मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
दीपावली के मद्देनजर फतेहपुर पुलिस ने पटाखा विक्रेताओं और आम लोगों से निर्धारित लाइसेंस और नियमों के तहत ही पटाखों का भंडारण करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे जमा करने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने से आग लगने या विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इससे जान-माल को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
Location : Fatehpur
Published : 21 October 2026, 11:24 PM IST