फतेहपुर: पत्नी के प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, जान से मारने की धमकी

जिले के ललौली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दरियापुर निवासी उमेश ने अपनी ही पत्नी, उसके प्रेमी और भाइयों से जान को खतरा बताया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 April 2025, 8:05 PM IST
फतेहपुर : जिले के ललौली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दरियापुर निवासी उमेश ने अपनी ही पत्नी, उसके प्रेमी और भाइयों से जान को खतरा बताया है। उमेश ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी अंजू का ललौली क्षेत्र के ही कल्लू नामक व्यक्ति से अवैध संबंध है, जिसके चलते उसका वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण हो गया है।

गाली-गलौज और मारपीट

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, उमेश ने बताया कि अंजू अक्सर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी। बाद में वह उसे जबरन गुजरात के सूरत ले गई, जहां दोनों मजदूरी कर रहे थे। उमेश के मुताबिक एक दिन सूरत में उसने अपनी पत्नी को कल्लू के साथ एक कमरे में आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ लिया। जब वह प्रेमी कल्लू से भिड़ने गया तो उसकी पत्नी ने उसे रोक लिया और इसका फायदा उठाकर कल्लू भाग निकला।
घटना के बाद से उमेश लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव में रहने लगा। उसने बताया कि अंजू ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने ज्यादा दखलंदाजी की तो उसके भाई उत्तान और घुम उसे सूरत में रहने नहीं देंगे और जान से मार देंगे। उमेश ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने नशे की हालत में उससे यहां तक कह दिया कि उसके गर्भ में पल रहे दोनों बच्चे उसके नहीं हैं। अगर वह उसके साथ रहना चाहता है तो ठीक है, नहीं तो उसे काटकर फेंक दिया जाएगा और किसी को पता भी नहीं चलेगा।
इस पूरी घटना से घबराए उमेश ने अपनी जान को खतरा महसूस करते हुए अपनी पत्नी अंजू, उसके प्रेमी कल्लू और उसके भाइयों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है, ताकि वह बिना किसी डर के अपना जीवन जी सके।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पारिवारिक विवाद की पेचीदगियों को लेकर हैरान हैं।

Location : 
  • Uttar Pradesh

Published : 
  • 23 April 2025, 8:05 PM IST