रास्ता नहीं मिला तो पानी में उतर रहे बच्चे! फर्रुखाबाद के स्कूल तक पहुंचने के लिए नौनिहालों की रोज देनी पड़ रही परीक्षा

फर्रुखाबाद के चोपड़ा गांव में प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने वाले नौनिहालों की मुश्किलें सामने आई हैं। स्कूल जाने के लिए बच्चों को जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी में सांप और जहरीले कीड़ों का खतरा भी बना रहता है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 September 2026, 1:18 PM IST

Farrukhabad: कमालगंज विकासखंड के ग्राम चोपड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। स्कूल तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं और बच्चों की परेशानी बढ़ जाती है।

पानी से होकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे

विद्यालय तक जाने वाला रास्ता जलभराव की चपेट में है। ऐसे में नौनिहालों को पानी के बीच से निकलकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। छोटे बच्चों के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को रोज इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सांप और जहरीले कीड़ों का डर

ग्रामीणों की चिंता सिर्फ जलभराव तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि पानी भरे रास्ते में जहरीले सांप और अन्य कीड़े-मकौड़े होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में बच्चों के साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। अभिभावक इसी डर के चलते बच्चों को स्कूल भेजते समय चिंतित रहते हैं।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में बड़ा हादसा, राजघाट पर भरभराकर गिरा गोरक्षनाथ घाट का गुंबद, दो की मौत और कई घायल

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के मौसम में विद्यालय तक पहुंचना और मुश्किल हो जाता है। रास्ते में पानी जमा होने से बच्चों को कपड़े और जूते खराब होने के साथ ही फिसलने का भी खतरा रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों को होती है, जिन्हें पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

कई बार बताई समस्या, फिर भी नहीं निकला रास्ता

गांव के शिवलाल, रामपाल, महेश, बृजेश, सत्यराम, मुकेश, गौरव समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय तक सुरक्षित रास्ते की समस्या के बारे में जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ये भी पढ़ें- यूपी का यह बड़ा हाईवे होगा टोल फ्री, रोजाना हजारों लोगों को मिलेगा फायदा

ग्रामीणों ने की जल्द रास्ता बनवाने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से विद्यालय तक जल्द सुरक्षित रास्ता बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या को अब और नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अभिभावक चाहते हैं कि बच्चों को पानी में उतरकर स्कूल जाने की मजबूरी से जल्द राहत मिले।

Location :  Farrukhabad

Published :  6 September 2026, 1:18 PM IST