कानपुर में बिजली संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा, समर्थन में उतरे सपाई

कानपुर के ककवन स्थित कुरौली विद्युत सब-स्टेशन पर बिजली संकट को लेकर किसानों और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने फसलों के सूखने का खतरा बताते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की और जल्द व्यवस्था नहीं सुधरने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 July 2026, 6:06 PM IST
google-preferred

Kanpur : ककवन इलाके में बिजली संकट अब किसानों के सब्र की परीक्षा लेने लगा है। धान की रोपाई के सबसे अहम दौर में लगातार बिजली कटौती से परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आ गया। कुरौली विद्युत सब-स्टेशन पर बड़ी संख्या में किसान और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अगर समय रहते बिजली आपूर्ति नहीं सुधरी तो खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच जाएंगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और बिजली विभाग की होगी।

विनय यादव के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन

समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष विनय यादव के नेतृत्व में पहुंचे किसानों और कार्यकर्ताओं ने विद्युत सब-स्टेशन का घेराव किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सपाइयों ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उनका कहना था कि ग्रामीण इलाकों में मांग के अनुरूप बिजली नहीं दी जा रही, जिससे खेती-किसानी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन वहां मौजूद विद्युत कर्मियों को सौंपा गया।

धान की रोपाई और सिंचाई पर पड़ा असर

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस समय पूरे क्षेत्र में धान की रोपाई और सिंचाई का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे समय में लगातार बिजली कटौती होने से नलकूप बंद पड़े हैं और खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो फसल को भारी नुकसान हो सकता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली आपूर्ति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।

‘चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, RPF बनी देवदूत’; कानपुर स्टेशन पर महिला जवानों ने ऐसे बचाई मां-बच्चे की जान

सुधार नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि रोपाई के इस सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं की गई और किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई गई तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। वहीं, ज्ञापन लेने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।

Location :  Kanpur

Published :  27 July 2026, 6:06 PM IST

Related News

Advertisement