
फतेहपुर में किसान की मौत: मृतक की फोटो(Source: Dynamite News )
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में एक ऐसा हादसा सामने आया है जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। असोथर थाना क्षेत्र के मैकुआपुर गांव में सोमवार को फसल कटाई की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां एक 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान रामौतार निषाद की अपनी ही गेहूं से भरी ट्रॉली के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब किसान चिलचिलाती धूप से बचने के लिए ट्रॉली के नीचे छांव में बैठे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे रामौतार निषाद अपने खेत में गेहूं की फसल की थ्रेसिंग करवा रहे थे। थ्रेसर से गेहूं निकलने के बाद उसे ट्रॉली में भरने का काम चल रहा था। दोपहर की तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए रामौतार पास ही खड़ी गेहूं लदी ट्रॉली के नीचे छांव में बैठ गए। इसी दौरान, जब मजदूर ट्रॉली के पिछले हिस्से में गेहूं की बोरियां लोड कर रहे थे, तो अचानक वजन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रॉली पीछे की ओर पलट गई और नीचे बैठे रामौतार उसके भारी वजन के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद मजदूरों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, उनकी सांसें थम चुकी थीं।
CJI सूर्यकांत ने बताया भविष्य की न्यायपालिका कैसी होगी! अशोक देसाई को श्रद्धांजलि देते हुए बोले CJI
रामौतार के परिवार के लिए पिछला एक साल किसी बुरे सपने जैसा रहा है। अभी पांच महीने पहले ही उनकी पत्नी बेलपती देवी का निधन हुआ था और छह महीने पहले उनके एक बेटे रामदत्त की बीमारी से मौत हो गई थी। रामौतार के तीन अन्य बेटे काम के सिलसिले में राजस्थान और मुंबई में रहते हैं। घर में मौजूद बहुओं और मासूम नाती-पोतों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने कानूनी उलझनों से बचने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है। असोथर थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस को अभी तक लिखित सूचना नहीं मिली है, लेकिन जानकारी मिलने पर नियमानुसार जांच की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 14 April 2026, 3:19 AM IST