
हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर आरोप फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर 30 हजार रुपये हड़पने और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का मामला सामने आया है। भरसाड़ निवासी गंगेश्वर यादव ने क्षेत्र में रहने वाले एक कथित हिस्ट्रीशीटर पर धोखे से रुपये लेने और बाद में आपराधिक रिकार्ड का हवाला देकर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने गीडा थाने और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गंगेश्वर यादव पुत्र स्वर्गीय लालचंद यादव के अनुसार, वह तीन भाइयों में से एक हैं और सभी भाई अलग-अलग रहते हैं। उनके भाई गिरजेश्वर यादव की एक जुलाई 2023 को मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि गिरजेश्वर के पास करीब ढाई बीघा खेत था। उनकी पत्नी रेखा यादव ने जमीन का बैनामा कराने की इच्छा जताई थी। इस पर गंगेश्वर ने अपनी भाभी को 10 लाख रुपये दे दिए। हालांकि, कुछ समय बाद कथित तौर पर रेखा यादव ने उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। गंगेश्वर का आरोप है कि जमीन के लिए दिए गए रुपये भी उन्हें वापस नहीं किए गए।
पीड़ित के मुताबिक, इसी विवाद के बीच गांव के एक परिचित ने उनकी मुलाकात गीडा क्षेत्र में रहने वाले एक कथित हिस्ट्रीशीटर से कराई। आरोप है कि उसने भरोसा दिलाया कि 30 हजार रुपये देने पर उनकी भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। इस आश्वासन पर गंगेश्वर उसकी बातों में आ गए।
शिकायत के मुताबिक, 24 जनवरी 2026 को आरोपी ने उन्हें गीडा स्थित एक होटल पर बुलाया। वहां उनसे पांच हजार रुपये ऑनलाइन और 25 हजार रुपये नकद लिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद आरोपी मुकदमा दर्ज नहीं करा सका। काफी समय बीतने के बाद जब गंगेश्वर ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो विवाद बढ़ गया।
हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर आरोप फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
गंगेश्वर का आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी उन्हें धमकाने लगा। उसने कथित तौर पर अपना आपराधिक रिकॉर्ड थाने में देख लेने की बात कही और दोबारा रुपये मांगने पर फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी।
इससे परेशान होकर पीड़ित ने गीडा थाने और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर कथित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने 30 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
Location : गोरखपुर
Published : 26 October 2026, 7:12 PM IST