हिंदी
एटा के सकीट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बेटी की गोद भराई में जा रहा परिवार हादसे का शिकार हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन अन्य लोग घायल हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
महिला की मौत
Etah: एटा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां खुशियों से भरा एक परिवार चंद पलों में मातम में डूब गया। बेटी की गोद भराई के लिए निकला परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह दर्दनाक हादसा थाना सकीट क्षेत्र में सकीट-मैनपुरी रोड पर करमचंदपुर भट्टे के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक 65 वर्षीय सावित्री देवी अपने पति और बेटे के साथ बाइक से बेटी की गोद भराई में शामिल होने जा रही थीं। रास्ते में अचानक एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में सावित्री देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक पर सवार उनका पति, बेटा और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल हुए पति, बेटे और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
एटा में सरेआम दबंगई, दावत पर जा रहे युवक को कुचलने की कोशिश, फिर लाठी-डंडों से हमला
पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद से गांव करमचंदपुर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।