एटा में अलविदा जुमा और नवरात्रि को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है, जबकि फुट पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।

त्योहार से पहले एटा पुलिस ने संभाली कमान
Etah: अलविदा जुमा की नमाज और नवरात्रि पर्व को लेकर एटा जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए शहर के प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, मुख्य मार्गों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।
एटा में अलविदा जुमा की नमाज और नवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने खुद मैदान में उतरकर शहर के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।… pic.twitter.com/y2wf2ac0hL
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 20, 2026
इसके अलावा, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
इस बार एटा पुलिस ने सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है, वहीं ड्रोन कैमरों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मस्जिदों के आसपास की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।
त्योहारों के दौरान अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दोनों पर्वों को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों और एकता का संदेश देते हैं, इसलिए सभी को मिलजुलकर इन्हें मनाना चाहिए।